गोरखपुर ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए आजीविका मिशन के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विजन धरातल पर नजर आ रहा है। सीएम योगी की प्रेरणा से डेयरी सेक्टर से जुड़कर गोरखपुर मंडल की 47 हजार महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं। इसका जरिया बना है श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (एमपीओ)। इस एमपीओ की शेयरहोल्डर ग्रामीण महिलाएं ही हैं और इनके बल पर इस संस्था ने महज दो साल दो माह में 192 करोड़ रुपए का टर्नओवर हासिल कर लिया है।
श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एमपीओ का गठन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के सहयोग से किया गया है। यह एमपीओ 26 नवंबर 2023 से क्रियाशील हुआ। इसके मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) धनराज साहनी के अनुसार क्रियाशीलता के दो साल दो माह में, 31 जनवरी 2026 तक गोरखपुर मंडल की 47 हजार महिलाएं इससे जुड़कर अपनी आर्थिकी मजबूत कर रही हैं। इस अवधि में एमपीओ का टर्नओवर 192 करोड़ रुपये का है। अब तक एमपीओ द्वारा 155 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान महिला शेयरहोल्डर्स को किया जा चुका है।
एमपीओ की शेयरहोल्डर महिलाएं प्रतिदिन डेढ़ लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह करती हैं। एमपीओ से जुड़ी करीब दो हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इस एमपीओ का कार्यक्षेत्र मंडल के चार जिलों गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर है। एमपीओ द्वारा 500 से अधिक मिल्क पूलिंग पॉइंट्स के माध्यम से संग्रहित दूध की आपूर्ति मदर डेयरी को की जाती है। लखपति दीदियों के अलावा एमपीओ से जुड़ी अन्य महिलाएं भी औसतन प्रतिमाह सात से आठ हजार रुपये की आय घर बैठे प्राप्त कर रही हैं। सीईओ धनराज शाहनी का कहना है कि एमपीओ की यह उपलब्धि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन का परिणाम है। उनकी प्रेरणा और दूरदर्शी दृष्टिकोण से ग्रामीण क्षेत्र की हजारों महिलाएं आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एमपीओ का गठन बुंदेलखंड की बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी की तर्ज पर किया गया है। इसके परिणाम भी उसी के अनुरूप आ रहे हैं। इस एमपीओ ने दीपावली पर महिला शेयरहोल्डर्स को 53.16 लाख रुपये की निष्ठा प्रोत्साहन राशि और लाभांश का वितरण कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन को कारगर सिद्ध किया है। प्रोत्साहन राशि और लाभांश का वितरण इस बात का भी प्रमाण है कि पशुपालन व दुग्ध उत्पादन से जुड़कर मंडल की हजारों महिलाएं स्वावलंबन की डगर पर सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही हैं। एमपीओ द्वारा निष्ठा प्रोत्साहन राशि महिलाओं को कारोबार में उनके योगदान के आधार पर दी गई, जबकि इक्विटी शेयर पर लाभांश 8 रुपये प्रति शेयर की दर से दिया गया। इस एमपीओ के प्रति शेयर का अंकित मूल्य 100 रुपये है।
0 Comments