गोरखपुर चिलुआताल थाना क्षेत्र के तेनुहिया गांव में रविवार शाम दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करते हुए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अरुण निषाद (22) पुत्र भोला निषाद के रूप में हुई है। वारदात के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गुस्साए लोगों ने मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी के सामने गोरखपुर–महराजगंज मार्ग जाम कर हंगामा किया।
बताया जा रहा है कि रविवार करीब चार बजे विशाल नाम का युवक अपने साथियों के साथ गाड़ी से अरुण के घर पहुंचा और उसे किसी काम के बहाने बाहर बुलाकर ले गया। परिजनों का आरोप है कि पहले से चली आ रही रंजिश को लेकर विशाल, देवेन्द्र और पांच-छह अन्य युवकों ने अरुण को मैदान की तरफ ले जाकर कहासुनी की और फिर उसे गोली मार दी। गोली लगते ही अरुण जमीन पर गिर पड़ा।
आसपास के लोग आनन-फानन में उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अरुण दो भाइयों में बड़ा था और पेंट पालिश का काम कर परिवार का सहारा था।
मेडिकल कॉलेज में मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। लोगों ने गोरखपुर–महराजगंज रोड पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक आवागमन ठप रहा। परिजनों का साफ कहना था – “हमें कुछ नहीं चाहिए, जान के बदले जान चाहिए, हमें सिर्फ न्याय चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझा-बुझाकर किसी तरह जाम खत्म कराया और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र, सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह समेत भारी पुलिस बल गांव और मेडिकल कॉलेज पहुंच गया। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मृतक के पिता भोला निषाद की तहरीर पर दो नामजद सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
0 Comments