जिला महिला अस्पताल में अब अगर किसी मरीज से मिलने के लिए अंदर जाना है। तो पहले अटेंडेंट कार्ड दिखाना होगा। कार्ड नहीं होने पर आप मरीज से नहीं मिल पाएंगे। इतना ही नहीं लेबर रूम में भी बर्थ कंपेनियन कार्ड की व्यवस्था की गई है। साथ ही आपको बता दें यह कार्ड महिला के परिवार के महिला सदस्य को ही दिया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ सुनीता पाण्डेय ने बताया कि अस्पताल में मरीज के साथ आने वाले तीमारदारों की भीड़ को कम करने के लिए यह नई व्यवस्था लागू की गई है। बच्चे के जन्म के बाद जच्चा और बच्चा के संक्रमित होने का सबसे अधिक खतरा होता है। कई बार मरीज के पास बाहर से आने वाले तीमारदार बच्चे को बिना हाथ धोए उठा लेते हैं। ऐसे में संक्रमण का खतरा काफी बढ़ जाता है। इसलिए इस व्यवस्था को अब सख्ती के साथ अस्पताल में लागू कर दिया गया है। यह कार्ड मरीज के साथ आने वाले व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती के समय ही दे दिया जाएगा। लेबर रूम के बाहर भी भीड़ को कम करने के लिए बर्थ कंपेनियन कार्ड की व्यवस्था लागू की गई है। यह कार्ड परिवार के केवल महिला सदस्य को ही दी जाएगी।
0 Comments